झाबुआ का मेला कैसे बना हादसा...? : झाबुआ मेले में झूला टूटा, स्कुली बच्चे घायल... झूला टूटते ही मची अफरा-तफरी...
19 जनवरी 2026
झाबुआ
झाबुआ (एमपी जनमत)। शहर के उत्कर्ष मैदान में आयोजित धार्मिक मेले में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरा झूला अचानक संतुलन खो बैठा और जमीन पर आ गिरा। यह हादसा मेले के अंतिम दिन से ठीक एक दिन पहले हुआ, जिससे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूले पर तय क्षमता से अधिक बच्चों को बैठा दिया गया था। झूला तेज गति में चल रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और परिजन घबराकर बच्चों की तलाश में दौड़ते नजर आए।

हादसे में स्कूल के कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक अधिकांश बच्चों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि दो बच्चों की हालत को देखते हुए विशेष निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मेले के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और झूला संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि झूलों के संचालन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

वैसे यह मेला हर साल बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है और इस वर्ष भी 1 जनवरी से 20 जनवरी तक इसके आयोजन की योजना थी। मेले में बड़े और छोटे झूले, दुकानों और अस्थायी स्टॉल लगाए गए थे, जहां दिन-रात लोगों की भीड़ बनी रहती थी, खासकर महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक रहती है।

इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूले के गिरने का पूरा दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी और सवाल दोनों बढ़ गए हैं।
प्रशासन ने वैसे यह संकेत दिए हैं कि जांच में यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित आयोजकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनज़र मेले की शेष व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।





Comments (0)