सरकार ने रोका, शहर में चालू... इंदौर में सरेआम चल रहे अवैध शराब आहाते... सड़कों पर भी जाम छलका रहे शराबी...
16 फरवरी 2026
इंदाैर
इंदौर (अरविंद आर.तिवारी)। शहर में शराब दुकानों पर आहाते (बैठकर शराब पीने की व्यवस्था) बंद करने के सरकारी आदेश के बावजूद खुलेआम संचालन जारी है। हालत यह है कि मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोग सार्वजनिक रूप से शराब पीते नजर आ रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर भर में कई शराब दुकानों पर खुलेआम आहाते संचालित हो रहे हैं, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारियों को यह दिखाई नहीं दे रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब अधिकारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। मिलीभगत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कलेक्टर कार्यालय से कुछ ही दूरी पर महूनाका चौराहे स्थित शराब दुकान के सामने मुख्य सड़क पर दिनभर आहाता चलता है। यहां से रोजाना कई बार अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।
आदेश के बाद भी नहीं रुके आहाते
मध्यप्रदेश शासन ने नोटिफिकेशन जारी कर शराब दुकानों पर आहातों को बंद करने का आदेश लगभग दो वर्ष पहले दिया था। कागजों में यह व्यवस्था बंद बताई जा रही है, मगर धरातल पर स्थिति बिल्कुल उलट है। शहर और जिले की अधिकांश कलालियों में पहले की तरह बैठकर शराब पीने की सुविधा दी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इन अवैध आहातों से होने वाली कमाई का हिस्सा अधिकारियों तक भी पहुंचता है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं की जाती।
शिकायत करने वालों को मिलती है धमकी
जानकारी के अनुसार अवैध आहातों की शिकायत करने पर लोगों को धमकियां मिलने लगती हैं। कानून के जानकारों के मुताबिक शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जानी चाहिए, लेकिन आरोप है कि कई मामलों में नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिए जाते हैं।
मामले में चर्चा के लिए आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त अभिषेक तिवारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।





Comments (0)