Breaking News

सरकारी एम्बुलेंस...निजी अस्पताल और गरीब की मजबूरी... आखिर किसके इशारे पर चल रहा है रेफर गेम...? 🔹 झाबुआ को मिला नया डिप्टी कलेक्टर... सुनील डावर की पदोन्नति से प्रशासनिक अमले में खुशी की लहर 🔹 13 दुकानों का विवाद... व्यापारियों की चिंता अपनी जगह... लेकिन आदिवासी हितों की बात कौन करेगा...? 🔹 पीएम की ईंधन बचाने की अपील बेअसर... कलेक्टर कार्यालय की पार्किंग में घंटों स्टार्ट रहती सरकारी गाड़ियां 🔹 झाबुआ जिले में अवैध शराब तस्करों पर डबल प्रहार... एक रात में 125 पेटियां शराब जब्त, वाहन छोड़कर भागे तस्कर... 🔹 नामांतरण के लिए रिश्वत मांगना पड़ा भारी... मनावर का पटवारी लोकायुक्त के जाल में फंसा... 🔹 खबर का असर... झाबुआ पुलिस में चला तबादलों का डंडा, 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को किया इधर से उधर... 🔹

डबल डेथ मिस्ट्री : युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी… पहले गोली, फिर खुदकुशी या मर्डर...? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

 - News image
✍️ संवाददाता: नर्मदापुरम  |  🖊️ संपादन: MP जनमत

02 मार्च 2026

नर्मदापुरम

✍️ संदीप चौरसिया | एमपी जनमत


नर्मदापुरम। जिलें के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव से कुछ दूरी पर एक युवक और युवती के शव पड़े होने की सूचना सामने आई। सुबह-सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही शवों पर पड़ी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना की खबर पुलिस तक पहुंचाई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी और पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। आसपास से कारतूस के खोखे, खून के निशान और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।


  क्या है प्रारंभिक स्थिति...?  

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा संकेत मिला है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और उसके बाद स्वयं को गोली मार ली। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।


 गांव में दहशत, तरह-तरह की चर्चाएं 

घटना की जानकारी मिलते ही भटगांव और आसपास के क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के बीच अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ अन्य कारणों की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अपुष्ट चर्चाओं से बचने और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।

 परिजनों को दी गई सूचना 

दोनों मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जाएगी। यह भी जांच का विषय है कि दोनों घटनास्थल तक कैसे पहुंचे, क्या वे पहले से एक-दूसरे को जानते थे, और घटना से पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा सकती है।


  हर एंगल से जांच  

पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट होने तक कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का, सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियां, हथियार की उपलब्धता, गोली की दिशा, दूरी और समय—इन सभी बिंदुओं पर विशेषज्ञ टीम काम कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।


 पुलिस का आधिकारिक बयान 

एसडीओपी संजू चौहान ने चर्चा के दाैरान एमपी जनमत से कहा, “ग्राम भटगांव के पास सोमवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिले हैं। एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया युवक द्वारा युवती को गोली मारने और बाद में स्वयं को गोली मारने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पूरा मामला स्पष्ट नहीं है। जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”


भटगांव की इस दोहरी मौत की घटना ने पूरे सुहागपुर क्षेत्र को झकझोर दिया है। सच्चाई क्या है—प्रेम प्रसंग का दुखद अंत या कोई और साजिश—इसका खुलासा अब पुलिस जांच और वैज्ञानिक रिपोर्ट पर निर्भर है। एमपी जनमत इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, पाठकों तक पहुंचाए जाएंगे।

Comments (0)

अन्य खबरें :-

Advertisement

Advertisement

Advertisement