ससुराल आए युवक के साथ हादसा... तालाब में डूबा, एसडीईआरएफ ने संभाला मोर्चा... घंटों बाद भी तलाश जारी...
13 मई 2026
पिपरिया (नर्मदापुरम)
✍️ संदीप चौरसिया | एमपी जनमत
पिपरिया। नगर से सटे ग्राम झिरिया का तालाब मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया... सुबह की शांत फिजा अचानक चीख-पुकार में बदल गई... पचमढ़ी से अपनी ससुराल आए दो युवक रोजमर्रा की तरह तालाब में नहाने उतरे थे... लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह तालाब एक युवक को अपने आगोश में समा लेगा...
प्राप्त जानकारी के अनुसार पचमढ़ी निवासी विजय भारती पिता फागूलाल भारती उम्र करीब 25 वर्ष अपने साथी शंकर भारती पिता सुरेश भारती के साथ ग्राम झिरिया आया हुआ था... मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दोनों युवक गांव के तालाब में नहाने पहुंचे... शुरुआत में सब सामान्य था लेकिन कुछ देर बाद दोनों युवक गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे...
इसी दौरान शौच के लिए तालाब की ओर पहुंचे दिनेश भारती की नजर पानी में संघर्ष कर रहे युवकों पर पड़ी... हालात समझते ही उन्होंने बिना एक पल गंवाए तालाब में छलांग लगा दी... ग्रामीणों के अनुसार दिनेश भारती ने बहादुरी और तत्परता दिखाते हुए शंकर भारती को किसी तरह पकड़कर बाहर निकाल लिया... लेकिन दूसरा युवक विजय भारती गहरे पानी में लापता हो गया...
घटना की खबर गांव में फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई... सूचना मिलते ही स्टेशन रोड पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करवाई गई... घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद जब युवक का कोई पता नहीं चला तो प्रशासन ने होशंगाबाद से एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया...
एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचते ही तालाब में गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया... प्लाटून कमांडर शिवराज चौधरी के नेतृत्व में टीम देर रात तक युवक की तलाश करती रही... हादसे के करीब 16 घंटे बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था... तालाब के आसपास परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा रही... हर किसी की नजर तालाब पर टिकी हुई थी...
घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है... वहीं ग्रामीणों ने तालाब की गहराई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं... लोगों का कहना है कि तालाब में पहले भी हादसे हो चुके हैं लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए...
मौके पर स्टेशन रोड पुलिस, नायब तहसीलदार, स्थानीय प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम लगातार मौजूद रही... प्रशासन द्वारा युवक की तलाश जारी होने की बात कही जा रही है...





Comments (0)