Breaking News

पीएम की ईंधन बचाने की अपील बेअसर... कलेक्टर कार्यालय की पार्किंग में घंटों स्टार्ट रहती सरकारी गाड़ियां 🔹 झाबुआ जिले में अवैध शराब तस्करों पर डबल प्रहार... एक रात में 125 पेटियां शराब जब्त, वाहन छोड़कर भागे तस्कर... 🔹 नामांतरण के लिए रिश्वत मांगना पड़ा भारी... मनावर का पटवारी लोकायुक्त के जाल में फंसा... 🔹 खबर का असर... झाबुआ पुलिस में चला तबादलों का डंडा, 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को किया इधर से उधर... 🔹 कलेक्टर साहब... कहीं फिर किसी मासूम के सिर पर न गिर जाए सरकारी लापरवाही की छत... 🔹 पहले करोड़ों की शराब, अब 1500 पेटी गोवा शराब... फिर चर्चा में अधिवक्ता योगेश खींची... 🔹 साहब... जनसुनवाई के मंच तक पहुंचने से पहले ही क्यों हार जाते हैं दिव्यांग और महिलाएं...? 🔹

झाबुआ जिले में अवैध शराब तस्करों पर डबल प्रहार... एक रात में 125 पेटियां शराब जब्त, वाहन छोड़कर भागे तस्कर...

 - News image
✍️ संवाददाता: झाबुआ  |  🖊️ संपादन: MP जनमत

09 जून 2026

झाबुआ

पेटलावद में पिकअप तो झकनावदा में लग्जरी कार पकड़ी गई, कुल 17 लाख रुपये से अधिक की शराब और वाहन जब्त...

-----------------------------------

ऋतिक विश्वकर्मा | एमपी जनमत

--------------------------------------------


झाबुआ। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने एक ही रात में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। पेटलावद क्षेत्र में आबकारी विभाग ने 95 पेटियों में भरी विदेशी शराब और बीयर से लदी पिकअप जब्त की, जबकि झकनावदा पुलिस ने एक लग्जरी कार से 30 पेटी देसी शराब बरामद की। दोनों मामलों में तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। संयुक्त रूप से 125 पेटियां शराब और करोड़ों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संकेत मिलने के बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।


आबकारी विभाग के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान पेटलावद ‘ब’ वृत्त में बदनावर-सरदारपुर मार्ग पर एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन दिखाई दिया। टीम ने पीछा करते हुए ग्राम कसारबर्डी के समीप वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन क्रमांक MP41 GA 4039 की तलाशी लेने पर बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की की 70 पेटियां और माउंट 6000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर की 25 पेटियां बरामद हुईं। कुल 95 पेटियों में 904.8 बल्क लीटर शराब और बीयर जब्त की गई।


आबकारी अधिकारियों के मुताबिक जब्त मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य 6 लाख 56 हजार 760 रुपये है, जबकि पिकअप वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कार्रवाई में कुल 14 लाख 56 हजार 760 रुपये की संपत्ति जब्त हुई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


इधर झकनावदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिजौरी-रूपाखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान कार से 30 पेटी लाल देसी मसाला शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा लगभग 270 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है। शराब के परिवहन में उपयोग की जा रही लग्जरी कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।


पुलिस और आबकारी विभाग अब दोनों मामलों के तार जोड़कर यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं इन खेपों का संबंध किसी बड़े अंतरजिला शराब तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। अधिकारियों का मानना है कि लगातार हो रही कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

               जिला पुलिस एवं आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और तस्करी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Comments (0)

अन्य खबरें :-

Advertisement

Advertisement

Advertisement